For News (24x7) : 9829070307
RNI NO : RAJBIL/2013/50688
Horizon Hind facebook Horizon Hind Twitter Horizon Hind Youtube Horizon Hind Instagram Horizon Hind Linkedin
Breaking News

राजस्थान न्यूज़: मिस ओशियन वर्ल्ड 2026 के लिए जयपुर पहुंचीं 20 देशों की ब्यूटी क्वींस, सिटी पैलेस में दिखा ग्लोबल ग्लैमर

Post Views 41

August 21, 2026

सात दिन तक चलेगा इंटरनेशनल ब्यूटी पेजेंट, 23 अगस्त को ग्रैंड फिनाले, ‘क्लीन एंड पॉल्यूशन फ्री ओशियन’ थीम पर दुनिया को देंगे पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अनंत महल में होंगे प्रमुख कार्यक्रम,सात दिन तक चलेगा इंटरनेशनल ब्यूटी पेजेंट, 23 अगस्त को ग्रैंड फिनाले, ‘क्लीन एंड पॉल्यूशन फ्री ओशियन’ थीम पर दुनिया को देंगे पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जयपुर। इंटरनेशनल ब्यूटी पेजेंट मिस ओशियन वर्ल्ड 2026 के लिए दुनियाभर की मॉडल्स और पेजेंट क्वींस जयपुर पहुंचनी शुरू हो गई हैं। करीब 20 देशों से आई प्रतिभागी सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में हिस्सा लेंगी। इस दौरान जयपुर के पर्यटन, हेरिटेज, संस्कृति और राजस्थान की पारंपरिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट किया जाएगा।

आयोजक योगेश मिश्रा, निमिषा मिश्रा और डायरेक्टर एकता जैन ने बताया कि जयपुर को इस अंतरराष्ट्रीय पेजेंट के आयोजन के लिए विशेष रूप से चुना गया है। आयोजन का उद्देश्य केवल सौंदर्य प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न देशों की संस्कृति और परंपराओं के बीच संवाद, भारतीय संस्कृति का परिचय और जयपुर की वैश्विक पर्यटन पहचान को मजबूत करना भी है।

सिटी पैलेस पहुंचीं 20 देशों की मॉडल्स

बुधवार को आयोजित सिटी टूर के दौरान 20 देशों से आई ब्यूटी क्वींस ने जयपुर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिभागियों को जयपुर के राजसी इतिहास, वास्तुकला, कला और सांस्कृतिक परंपराओं के बारे में जानकारी दी गई।सिटी पैलेस पहुंची प्रतिभागियों ने शाही वैभव और हेरिटेज को करीब से देखा तथा इसे अपने कैमरों में कैद किया। रंग-बिरंगे राजस्थानी परिधानों और ऐतिहासिक इमारतों के बीच मॉडल्स ने फोटोशूट भी कराया।

भारतीय संस्कृति और राजस्थान की परंपराओं से कराया जा रहा परिचय

सिटी टूर का उद्देश्य विदेशी प्रतिभागियों को भारत की सांस्कृतिक विविधता और राजस्थान की समृद्ध विरासत से परिचित कराना है। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को पारंपरिक कला, लोक संस्कृति और स्थानीय परिधानों की जानकारी भी दी जा रही है। सिटी टूर के दौरान होटल मैरियट में प्रतिभागियों के लिए विशेष लंच का आयोजन भी किया गया।

अनंत महल में होंगे प्रमुख कार्यक्रम

आयोजकों के अनुसार पेजेंट के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम मानसरोवर स्थित अनंत महल में आयोजित किए जा रहे हैं। यहां हेरिटेज और ट्रेडिशनल कल्चर की थीम पर विभिन्न गतिविधियां होंगी। विदेशी प्रतिभागियों को राजस्थान की पारंपरिक संस्कृति से जोड़ने के लिए विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और थीम आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

‘क्लीन एंड पॉल्यूशन फ्री ओशियन’ है मुख्य संदेश

मिस ओशियन वर्ल्ड 2026 का मुख्य संदेश ‘क्लीन एंड पॉल्यूशन फ्री ओशियन’ रखा गया है। पेजेंट के माध्यम से समुद्रों को स्वच्छ रखने, प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि सौंदर्य के साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को भी इस मंच पर प्रमुखता दी जा रही है।

गाउन और स्विमसूट राउंड में दिया क्लीन ओशियन का संदेश

आयोजन की शुरुआत के तहत मंगलवार को गाउन राउंड और स्विमसूट राउंड के अंतर्गत फोटोशूट आयोजित किया गया। अनंत महल में हुए इस फोटोशूट के दौरान प्रतिभागियों ने ‘क्लीन ओशियन’ थीम को प्रमुखता से प्रस्तुत किया और अपने ग्लोबल प्लेटफॉर्म के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

21 अगस्त को टैलेंट और नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड

पेजेंट के प्री-फिनाले के तहत 21 अगस्त को टैलेंट राउंड और नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड आयोजित होगा। नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड में अलग-अलग देशों की प्रतिभागी अपने-अपने राष्ट्र की पारंपरिक वेशभूषा, संस्कृति और पहचान को मंच पर प्रस्तुत करेंगी। यह राउंड विभिन्न देशों की सांस्कृतिक विविधता का खास आकर्षण रहेगा।

22 अगस्त को मिस फ्यूजन इंडिया का फिनाले

पेजेंट से जुड़े आयोजनों की कड़ी में 22 अगस्त को मिस फ्यूजन इंडिया का फिनाले भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा द मिस ग्लोब इंडिया, मिस प्लेनेट इंडिया और मिस ओशियन इंडिया जैसे खिताब भी प्रदान किए जाएंगे।

23 अगस्त को मिस ओशियन वर्ल्ड 2026 का ग्रैंड फिनाले

सात दिवसीय आयोजन का समापन 23 अगस्त को ग्रैंड फिनाले के साथ होगा। इसी दिन मिस ओशियन वर्ल्ड 2026 की विजेता को ताज पहनाया जाएगा। फिनाले में विभिन्न देशों की प्रतिभागियों के बीच व्यक्तित्व, प्रस्तुति, प्रतिभा और सांस्कृतिक समझ के आधार पर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।