For News (24x7) : 9829070307
RNI NO : RAJBIL/2013/50688
Horizon Hind facebook Horizon Hind Twitter Horizon Hind Youtube Horizon Hind Instagram Horizon Hind Linkedin
Breaking News

राजस्थान न्यूज़: भाजपा का शक्ति प्रदर्शन : यमुना जल समझौते के बाद जयपुर लौटे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बोले- हम पानी लाएंगे, किसान सोना पैदा करेगा

Post Views 01

June 30, 2026

मुख्यमंत्री शर्मा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि वे आलू से सोना बनाएंगे। लेकिन हम यमुना का पानी जरूर लेकर आएंगे। उसके बाद हमारा किसान जरूर सोना पैदा करेगा।

जयपुर। यमुना जल समझौते के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को जयपुर लौटे। जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ई-बस में सवार होकर रोड शो करते हुए भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया।

रोड शो के दौरान जवाहर सर्किल, गांधी सर्किल, रामबाग सर्किल और भाजपा कार्यालय सहित कई स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए। जवाहर सर्किल पर कार्यकर्ताओं ने मटकों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री के काफिले में चार ई-बसें शामिल रहीं। पहली बस में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

राहुल गांधी पर सीएम का तंज

भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि वे आलू से सोना बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने शेखावाटी के लोगों से कहा था कि हम यह तो नहीं कर सकते, लेकिन हम यमुना का पानी जरूर लेकर आएंगे। उसके बाद हमारा किसान जरूर सोना पैदा करेगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यमुना जल समझौता केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि शेखावाटी और राजस्थान के जल भविष्य से जुड़ा ऐतिहासिक निर्णय है।

राजस्थान को पानी मिलेगा तो प्रदेश आगे बढ़ेगा: मुख्यमंत्री

जयपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज का दिन राजस्थान के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में भाजपा सरकार बनी, तब सबसे पहले राजस्थान के विकास का रोडमैप तैयार किया गया। इसमें सबसे बड़ी जरूरत पानी की सामने आई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान को पानी मिलेगा तो प्रदेश आगे बढ़ेगा। किसानों को पानी चाहिए, उद्योगों को पानी चाहिए और आमजन को पीने के लिए शुद्ध पानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कई जल परियोजनाएं 40 से 50 वर्षों से लंबित थीं, जिन पर सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में काम किया है।

ईआरसीपी, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना पर काम

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ईआरसीपी, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राजस्थान को जल-सुरक्षित बनाना है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यमुना जल समझौते से शेखावाटी के सीकर, चूरू और झुंझुनूं जिलों को बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से पानी की कमी झेल रहे क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता मजबूत होगी और किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा।

कांग्रेस ने शेखावाटी के साथ अन्याय किया: सीएम

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने शेखावाटी के लोगों के साथ अन्याय किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कांग्रेस नेता शिलान्यास करते थे और यमुना के पानी के सपने दिखाते थे, लेकिन इस दिशा में कभी ठोस प्रयास नहीं किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के बयान कुछ दिन पहले अलग थे, लेकिन समझौता होने के बाद उनके सुर बदल गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस मुद्दे पर आज तक एक पत्र भी नहीं लिखा।कांग्रेस ने परियोजनाओं को अटकाने का काम किया

जयपुर रवाना होने से पहले दिल्ली में मीडिया से बातचीत में भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा परियोजनाओं को रोकने और अटकाने का काम किया है। कांग्रेस ने जनता को केवल वोटोंके लिए लुभाया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि लंबे समय तक राजस्थान, हरियाणा और केंद्र में कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन कांग्रेस ने शेखावाटी और राजस्थान के लोगों के पानी के दर्द को कभी महसूस नहीं किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1994 में हुए समझौते के अनुसार ही राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली को उनके हिस्से का पानी मिलेगा।

मदन राठौड़ बोले- भजनलाल शर्मा दूसरे भागीरथ

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की तुलना भागीरथ से करते हुए कहा कि पहले भागीरथ गंगा को धरती पर लाए थे और आज दूसरे भागीरथ भजनलाल शर्मा साबित हुए हैं, जो यमुना जी को राजस्थान की धरती पर लेकर आए हैं।

राठौड़ ने कहा कि आज केवल शेखावाटी नहीं, बल्कि पूरा राजस्थान मुख्यमंत्री पर गर्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1992 से राजस्थान यमुना जल का इंतजार कर रहा था। वर्ष 1994 में भैरों सिंह शेखावत ने भी इसके लिए प्रयास किए थे, लेकिन हरियाणा से राजस्थान तक पानी लाने में लंबी देरी हो गई।

राठौड़ ने चांदी का कलश भेंट किया

जयपुर एयरपोर्ट के बाहर बनाए गए स्वागत मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को चांदी का कलश भेंट किया। मुख्यमंत्री ने इस कलश को सिर पर रखकर स्वीकार किया। भाजपा मुख्यालय में मदन राठौड़ ने मुख्यमंत्री को मिठाई खिलाकर स्वागत किया।

राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री जब भी दिल्ली जाते हैं, राजस्थान के हितों के लिए कुछ न कुछ लेकर आते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की कार्यशैली का लाभ राजस्थान की जनता को मिल रहा है और आगे भी मिलता रहेगा।

हरियाणा से तीन पाइपलाइन से आएगा पानी

भाजपा कार्यालय में संबोधन के दौरान मदन राठौड़ ने कहा कि हरियाणा से तीन पाइपलाइन के माध्यम से पानी राजस्थान आएगा। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि ये पाइप इतने बड़े होंगे कि एक पाइप में अशोक गहलोत, दूसरे में गोविंद सिंह डोटासरा और तीसरे में टीकाराम जूली ट्रक लेकर बैठ जाएं, तो ट्रक चलाते-चलाते राजस्थान पहुंच जाएंगे।

राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा में भी कहा था कि हम पानी पिलाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को भी पानी पिला दिया है और अब बाकी काम भाजपा कार्यकर्ताओं को पूरा करना है।

भाजपा ने समझौते को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

यमुना जल समझौते के बाद मुख्यमंत्री के जयपुर लौटने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। पार्टी ने इसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और केंद्र सरकार के सहयोग से मिली ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।भाजपा नेताओं ने कहा कि यह समझौता राजस्थान की जल सुरक्षा, शेखावाटी के भविष्य और किसानों की समृद्धि से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में इस परियोजना से प्रदेश के जल संकटग्रस्त क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।