Post Views 11
December 22, 2022
संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सौजन्य से विवेकानंद संदेश यात्रा राजस्थान विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी राजस्थान प्रांत द्वारा 19 नवंबर से 7 जनवरी तक निकाली जा रही है जो कि 1 जनवरी को अजमेर पहुंचेगी। भारत के आजादी के 75वें वर्ष में मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के अवसर पर संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सौजन्य से राजस्थान के संपूर्ण 33 जिला मुख्यालय व चयनित नगरों में विवेकानंद संदेश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा का शुभारंभ भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के कर कमलों से किया जा चुका है। इस यात्रा का संचालन विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी राजस्थान प्रांत की ओर से किया जा रहा है। विवेकानंद संदेश यात्रा 1 जनवरी 2023 रविवार को अजमेर आ रही है इस अवसर पर शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। उसके पश्चात विजय लक्ष्मी पार्क में पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो जाएगी। स्वामी विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही इस यात्रा के अजमेर आगमन पर निर्धारित मार्ग पर वहां रैली एवं शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 2:00 बजे परबतपुरा बायपास से विवेकानंद संदेश यात्रा वाहन रैली निकलेगी जो विभिन्न मार्गों से होते हुए महावीर सर्किल पहुंचेगी। शाम 4:00 बजे महावीर सर्किल नसिया से विवेकानंद संदेश शोभा यात्रा शुरू होगी जो निम्न मार्गों से होती हुई विजय लक्ष्मी पार्क पहुंचेगी। विजयलक्ष्मी पार्क पर आयोजित होने वाले नागरिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि संस्कृति राज्य मंत्री केंद्र सरकार अर्जुन राम मेघवाल होंगे तो वही आशीर्वचन श्री श्याम शरण जी देव आचार्य श्री जी महाराज के द्वारा दिया जाएगा। नागरिक सम्मेलन कार्यक्रम में नृत्य नाटिका और नुक्कड़ नाटक का मंचन होगा। सेल्फी विद स्वामीजी, प्रमाण पत्र वितरण और अल्पाहार वितरण भी होगा। इस मौके पर विवेकानंद संदेश यात्रा जिला आयोजन समिति के संयोजक सुनील दत्त जैन, सह संयोजक नरेंद्र सिंह रावत और नगर प्रमुख भारत भार्गव ने अधिक से अधिक लोगों से अपील की है कि वे इस संदेश यात्रा में शामिल होकर देश का गौरव बढ़ाएं।