Post Views 51
December 18, 2022
उत्तर क्षेत्र में जन आक्रोश आंदोलन के दूसरे चरण का आगाज, घर-घर कांग्रेस के कुशासन का करेंगे पर्दाफाश
-31 दिसंबर तक चलेगा महा संपर्क अभियान, 25 दिसंबर को नया बाजार चौपड़ पर होगी आमसभा
-बूथ स्तर पर भाजपा कार्यकर्ता 31 दिसंबर तक रोजाना घर-घर जाकर आमजन से करेंगे संपर्क
-देवनानी ने सभी कार्यकर्ताओं से यह संकल्प लेने का आह्वान किया, मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं और कमल के फूल के लिए काम करूंगा
अजमेर, 18 दिसंबर। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में जन आक्रोश आंदोलन के दूसरे चरण का आगाज रविवार को हुआ। इसमें 31 दिसंबर तक रोजाना हर घर महासंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 25 दिसंबर को शाम चार बजे नया बाजार चौपड़ पर आमसभा होगी। पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी आमजन को भागीदार बनाया जाएगा। साथ ही कांग्रेस सरकार के कुशासन का पर्दाफाश किया जाएगा।
आंदोलन के दूसरे चरण में महासंपर्क अभियान और आमसभा को सफल बनाने के लिए रविवार की शाम फाॅयसागर रोड स्थित हंस पैराडाइज समारोह स्थल में पार्षदों, जिला पदाधिकारियों, मंडलों के पदाधिकारियों, मोर्चों के पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र प्रभारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख कार्यकर्ताओं की हुई बैठक में व्यापक रणनीति बनाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा है कि अभियान के दौरान हर बूथ स्तर तक पार्टी कार्यकर्ता पहुंच कर घर-घर संपर्क करेंगे और प्रदेश की कांग्रेस सरकार के चार साल के कुशासन व जनविरोधी नीतियों के पत्रक बांटेंगे। कार्यकर्ता आमजन को कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए उन सभी काले फैसलों से अवगत कराएंगे, जो सीधे जनता को प्रभावित करते हैं। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को सुबह 11 बजे बूथ स्तर पर सभी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ’’मन की बात’’ सुनेंगे। साढ़े 11 से 12 बजे तक वहीं बैठकर शाम को होने वाली आमसभा में ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं के साथ आमजन को जुटाने पर चर्चा कर उसके मुताबिक कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा कांग्रेस सरकार के खिलाफ चलाए जाने वाले हर आंदोलन और अभियान में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना बहुत जरूरी है। जनता ही कांग्रेस सरकार को जड़मूल से उखाड़ फेंक सकती है।
देवनानी ने सभी से यह संकल्प लेने का आह्वान किया कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं और कमल के फूल के लिए काम करूंगा। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, वैसे-वैसे कार्यकर्ताओं की पार्टी के लिए काम करने की जिम्मेदारी बढ़ जाएगी। जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी काम करते हैं, उसी तरह हमें भी पार्टी और जनता के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर पार्टी के सभी कार्यक्रम और आंदोलन सफल बनें, इसकी जिम्मेदारी मंडल अध्यक्षों की होगी।