Post Views 191
April 18, 2024
गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से भाजपा प्रत्याशी भागीरथ चौधरी के चुनाव कार्यालय में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में शामिल होने के लिए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी अजमेर पहुंची। दिया कुमारी के अजमेर पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 10 सालों में इतना विकास हुआ, जितना पहले नहीं हुआ है। इसे देखते हुए हर व्यक्ति प्रधानमंत्री और बीजेपी के लिए वोट करेगा। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि चुनाव को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह है। प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के लिए बहुत कुछ किया है। हर योजना का केंद्र बिंदु महिला है और महिलाएं इस बात को भली भांति समझती भी हैं। देश की हर महिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए वोट तो करेगी औरों से भी करवाएंगी।
राजपूत समाज की नाराजगी के सवाल पर दिया कुमारी ने कहा कि कांग्रेस के पास कुछ बोलने के लिए नहीं है, इसलिए वह कुछ ना कुछ तो बोलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व बीजेपी से कोई भी नाराज नहीं है। 10 सालों में देश में काफी विकास हुआ है, इससे पहले कभी इतना विकास नहीं हुआ। इसे देखते हुए हर व्यक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के लिए वोट करेगा। कांग्रेस द्वारा बेरोजगारी को मुद्दा बनाने के सवाल पर दिया कुमारी ने कहा कि उनके बोलने से कुछ नहीं होता। महंगाई और बेरोजगारी भी घटी है। उन्होंने कहा कि हम जॉब गिवर्स बन चुके हैं। इससे पहले हम नौकरी मांगते थे, लेकिन आज का जो यूथ है उनके स्टार्टअप इतने बड़े हैं। 2013 की तुलना करें तो एक लाख से ज्यादा स्टार्टअप आज है।
दिया कुमारी ने कहा कि हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि पिछली कांग्रेस सरकार के शासन में महिलाओं पर अत्याचार हुए। राजस्थान रेप की राजधानी बन गया था इसलिए जब कांग्रेस के लोग वोट मांगने आए तो उनसे पूछना कि पिछले 5 साल में उन्होंने महिलाओं को कोई सुविधा दी ना सम्मान दिया। कांग्रेस वालों को अपने घर के दरवाजे से ही रवाना कर देना। उन्होंने कहां कि कांग्रेस को इतने साल हो गए इस देश को लूटते हुए अब तो उन्हें भारत छोड़कर चले जाना चाहिए। विपक्ष का तो यह हाल है कि इनका अब तक नेता ही तय नहीं हुआ है। ना उनके पास नेता है और ना नियत है। पहली बात तो यह जीतेंगे नहीं और अगर जीत गए तो प्रधानमंत्री कौन बनेगा यह अभी तक तय नहीं है।
मातृ शक्ति सम्मेलन में मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ,महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रक्षा भंडारी,विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी,दक्षिण विधायक श्रीमती अनीता भदेल ,अजमेर लोकसभा प्रत्याशी भागीरथ चौधरी ,महिला मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती सरिता गेना, पूर्व जिला प्रमुख श्रीमती वंदना नोगिया ,महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती वनिता जैमन ,अजमेर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी, महापौर ब्रजलता हाड़ा,महिला मोर्चा शहर जिला अध्यक्ष श्रीमती भारती श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी की महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रही।
© Copyright Horizonhind 2024. All rights reserved