For News (24x7) : 9829070307
RNI NO : RAJBIL/2013/50688
Visitors - 174633214
Horizon Hind facebook Horizon Hind Twitter Horizon Hind Youtube Horizon Hind Instagram Horizon Hind Linkedin
Breaking News
Ajmer Breaking News: पंचायतीराज चुनाव-2026 संभागीय आयुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक ने विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा |  Ajmer Breaking News: उर्स के दौरान विशेष रेलगाड़ियों के संचालन व यात्री व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक संपन्न |  Ajmer Breaking News: छतों पर सोलर प्लांट लगाकर बिजली बिल में पाएं राहत, पीएम सूर्यघर योजना के लिए विशेष शिविर शुरू कलेक्ट्रेट परिसर में शिविर का हुआ शुभारंभ |  Ajmer Breaking News: राजस्थान पुलिस के उप निरीक्षक सर्वेश पारीक ने अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक जीता,  |  Ajmer Breaking News:  तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत अजमेर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित, सीएमएचओ डॉ. ज्योत्स्ना रांगा ने किया जागरूकता पोस्टर का विमोचन |  Ajmer Breaking News: भारतीय जनता पार्टी का जन जागरण अभियान लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ को लेकर निकली पदयात्रा,भाजपा का विपक्ष पर तीखा हमला |  Ajmer Breaking News: ​अजमेर में मंत्री का जानकार बताकर एक व्यक्ति पर ट्रांसफर कराने के नाम पर 1 लाख रुपए हड़पने का आरोप |  Ajmer Breaking News: गुरुवार को सेंट मेरिज़ सी-सै-स्कूल अजमेर की छात्राओं द्वारा खुशियों का खज़ाना बाँटकर मनाई दिवाली |  Ajmer Breaking News: वन्दे मायलेजर कंपनी के एमडी सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने प्रेस वार्ता कर लगाए गंभीर आरोप, बोले- कंपनी की छवि खराब करने और अवैध वसूली का बनाया गया दबाव,करेंगे क़ानूनी कार्यवाही  |  Ajmer Breaking News: देश के युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और उन्हें नशे की लत से दूर रखने के लिए आज से 'टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 4.0 की शुरुआत हो गई | 

क़लमकार: भाजपा अजमेर को मिले दीपावली डिसकॉउंट पर पद

Post Views 481

October 23, 2020

पलाड़ा के अनुयायी भढ़ाना और गुमनाम हिमांशु बने प्रदेश प्रभारी

भाजपा अजमेर को मिले दीपावली डिसकॉउंट पर पद
पलाड़ा के अनुयायी भढ़ाना और गुमनाम हिमांशु बने प्रदेश प्रभारी
अजमेर भाजपा को पार्टी ने कैसे कैसे दी ज़िम्मेदारियाँ, पढ़ें
                        सुरेन्द्र चतुर्वेदी
                           अजमेर की भाजपा पार्टी धन्य हो गई है ।हाई कमान चुन-चुन के नवरत्नों को दीपावली डिस्काउंट पर पद बांट रहा है। अजमेर की लॉटरी खुल गई है। अजमेर के ऐसे नेता जिनका कभी किसी ने नाम तक नहीं सुना था वह भी प्रदेश के मुखिया के स्तर पर नवाज़े जा रहे हैं । पार्टी पर लक्ष्मी मैया का आशीर्वाद बना रहे । पूनिया जी की तराजू में पता नही  कौन से बांट रखे जा रहे हैं कि अनाड़ी भी खिलाड़ी बनकर सामने आ रहे हैं। खिलाड़ियों की ऊर्जा पता नहीं किस चश्मे से देखी परखी जा रही है ।
                      हाल ही में प्रदेश भाजपा ने अपने विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की सूची जारी की है ।वैसे तो लोगों के लिए कई नाम आश्चर्यजनक हैं मगर पार्टी के हिसाब से ये लोगों की गलती है कि वे इसे आश्चर्य से देख रहे हैं।
              भारतीय जनता पार्टी के  युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर हिमांशु शर्मा को नियुक्त कर राज्य का प्रभार सौंपा गया है । मुझे बताया गया कि वे अजमेर के रहने वाले हैं। वकील हैं। होटल व्यवसाई  हैं ।जयपुर में उनका होटल वैसे ही इस्तेमाल होता होगा जैसे अजमेर में दाता इन ,स्वामी इन, होटल एम्बेसी, होटल लेक वेनोरा आदि ।जब पार्टी को ज़रूरत होती है तब इनके मालिकों की पद्दी बना दी जाती है। मजे की बात यह है कि पद्दी बनते- बनते  लंबा समय बीत जाने के बाद ये लोग भी अपने आपको उसी योनि में ढाल चुके होते हैं ।
                        हिमांशु शर्मा कौन हैं यह जानना हमारे लिए ज़रूरी भी नहीं है ।अजमेर जिले के कितने विधायके उनको जानते हैं , यह जानना भी कोई ख़ास बात नहीं। भाजपा के दिग्गज नेता उनके दीवाने हैं बस इतना ही काफी है। वैसे भी हाथी के पांव के नीचे सबका पाँव। पूनिया जी और चंद्रशेखर जी यदि किसी को जानते हैं तो समझ लीजिए ब्रह्मा, विष्णु , महेश को भी उसे जानने की ज़रूरत नहीं। प्रसाद तो पुजारी ही चढ़ाते हैं ।भोग भी वही लगाते हैं ।चढ़ाया गया प्रसाद भी उनका ही होता है। ईश्वर तो मूर्ति के रूप में सामने विराजित रहता है। 
                 हिमांशु शर्मा शायद बहुत बड़े युवा नेता हैं । राजस्थान के सारे युवा उनका नाम सुनते ही खुशी से फूले नहीं समाए होंगे ।सबको इस नाम की प्रतीक्षा होगी ।मैं उन्हें नमन करता हूं और शुभकामनाएं देता हूँ ।
                          एक और नाम सूची में प्रभारी के रूप में आया है। वह भी अजमेर का है। वे जाने माने गुर्जर नेता हैं ।पहले बैसला जी के फैसलों में शामिल रहा करते थे फिर भाजपा के दिग्गज और लोकप्रिय राजनेता भंवर सिंह पलाड़ा की छत्रछाया में आ गए ।ओम प्रकाश भड़ाना को पलाड़ा जी ने हर तरह से आगे बढ़ाया। अपने सगे साले की तरह। यहां साला शब्द का प्रयोग अनजाने में नहीं हुआ है ।मुझे पता है कि ओमप्रकाश भड़ाना जी ने श्रीमती पलाड़ा जी से राखी बंधवाई थी ।मुझे नहीं पता कि ओमप्रकाश जी ने अपने जीजा रूपी वट वृक्ष की  कितनी पूजा की मगर मुझे यह मालूम है कि पलाड़ा जी ने भड़ाना जी को रिश्ता निभाते हुए राजनीति में आगे बढ़ाने में कभी कोई कमी नहीं रखी।
               ओम प्रकाश भडाना को पार्टी ने ओबीसी मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है ।वे अति महत्वाकांक्षी नेता हैं।पहले भी वे ओ बी सी प्रकोष्ठ के संयोजक थे। अब भी उन्हें पुनः यही कार्य भार सौंपा गया है। मैं उनके मनोनयन पर उनके साथ लोकप्रिय नेता भंवर सिंह पलाड़ा को भी बधाई देता हूँ।मुझे उम्मीद है कि वे अपने साथ, पलाड़ा का भी नाम ऊंचा करेंगे।
                  हिमांशु शर्मा के बारे में आज मैंने थोड़ी बहुत छानबीन की। पता लगाया कि युवा मोर्चा के किसी कार्यक्रम में वे कभी नज़र आए हों।अखबारों की किसी न्यूज़ में उनका कभी नाम छपा हो। कहीं किसी कार्यक्रम में उनकी शक्ल दिखाई दी हो ।सारे प्रयासों के बावजूद मुझे कामयाबी नहीं मिली। बाद में पता चला कि जयपुर मीडिया में सूची जारी होने के बाद उनकी फोटो तक ढूंढना  मीडिया के लिए मुश्किल हो गया ।
                    वे अब तक सक्रिय नहीं हुए तो कोई बात नहीं ,आगे से तो वे सक्रिय होंगे ही ।अब तक सक्रिय राजनीति से उनका कोई लेना-देना नहीं रहा हो लेकिन अब तो वे मैदान में उतर ही गए हैं ।
                    पहले जब अजमेर की महिला नेता वंदना नोगिया को प्रदेश कार्यकारिणी में पनाह मिली थी तब भी मुझे आश्चर्य हुआ था ।लोगों को भी। अजमेर जिले में बहुत सी महिला नेता अनुभवों में उनसे ज्यादा धनी हैं। सब को नज़र अंदाज़ किया गया ।यदि ज़िला प्रमुख होना ही किसी पद के लिए बड़ी बात है तो श्रीमती सुशील कंवर पलाडा का नाम उनसे कहीं ज्यादा भारी और आगे है ।कांग्रेस के कार्यकाल में उन्होंने पूरे हिंदुस्तान में श्रेष्ठ जिला प्रमुख होने का सम्मान पाया था। वंदना नोगिया तो सिर्फ जिला प्रमुख ही बनी , श्रीमती सुशील कंवर पलाड़ा तो जिला प्रमुख पद छोड़कर अपनी व्यक्तिगत लोकप्रियता से विधायक तक बनीं।
                       मैं जानता हूँ कि पार्टी में कुछ ऐसे नेता होते हैं जिन्हें लोकप्रियता के लिए पदों की ज़रूरत ही नहीं होती। पलाड़ा और श्रीमती पलाड़ा जिले की ऐसी ही शख्सियत हैं। वे जहां भी जाते हैं लोकप्रियता उनके आगे पीछे दौड़ती नज़र आती है ।
                  पार्टी में अब अजमेर को पर्याप्त तरज़ीह दी गई है ।प्रदेश प्रवक्ता के रूप में श्रीमती अनीता भदेल जी हैं । हाल ही में भाजपा प्रदेश प्रशिक्षण का संयोजक प्रोफेसर भगवती प्रसाद सारस्वत को बनाया गया है ।वह बात अलग है कि योग्यता के हिसाब से उन्हें पार्टी इस्तेमाल ही नहीं कर पाई ।प्रदेश अनुशासन समिति की बात की जाए तो उसके अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत भी अजमेर से ही रिश्ता रखते हैं ।
               प्रदेश मीडिया के सह प्रभारी नीरज जैन भी अजमेर के ही हैं। नीरज जैन को मैं अजमेर का सबसे शानदार युवा नेता मानता हूँ। उन्हें अजमेर या राजस्थान के ही नहीं अपितु भारत के लगभग सभी बड़े नेता जानते हैं। यदि उन्हें अभी या पहले कभी भी प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद से नवाज़ा जाता तो पार्टी को उनका लाभ और अधिक मिलता। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तक रहे नीरज जैन को हमेशा इस अवसर पर भुला दिया गया। यह पार्टी के लिए मेरी दृष्टि में एक त्रुटि है ।भूल है ।
                      अजमेर के आज भी ऐसे कई नेताओं के नाम मेरी जुबान पर हैं जिनके कुशल नेतृत्व क्षमता का पार्टी कोई उपयोग नहीं कर पाई। इनमें शिव शंकर हेड़ा , पूर्णा शंकर दशोरा, श्रीकिशन सोनगरा, आनंद सिंह आदि तो पहली पंक्ति में आते हैं।
                        पार्टी किसको कितनी तरज़ीह देती है यह पार्टी का अंदरूनी मामला है । मैं तो बाहर से जो नज़र आता है वही देख सकता हूँ। जो सुनने में आता है वही बता सकता हूँ। कई पार्टियों में शराब ,कबाब और शबाब से भी पद बांटे जाते हैं । यह बात मुझे पता है मगर मैं साफ तौर पर कहना नहीं चाहता।


© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved