Post Views 01
June 9, 2026
जयपुर। राजस्थान में लंबे समय से प्रतीक्षित प्रशासनिक और विभागीय तबादलों को लेकर बड़ी हलचल शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार शाम मुख्यमंत्री निवास (सीएमआर) में आयोजित भाजपा विधायकों की बैठक में सरकारी विभागों में तबादलों को लेकर महत्वपूर्ण संकेत दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने 10 जून से 20 जून के बीच विभिन्न सरकारी विभागों में स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने विधायकों से तबादलों को लेकर संयमित और आवश्यकता आधारित प्रस्ताव भेजने पर जोर दिया। जानकारी के अनुसार उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची भेजने के बजाय केवल वास्तव में आवश्यक मामलों को प्राथमिकता दें।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने विधायकों को प्रत्येक विभाग में जरूरत के अनुसार सीमित संख्या में नाम संबंधित विभागीय मंत्री को भेजने की सलाह दी। बताया जा रहा है कि एक विभाग में अधिकतम तीन अधिकारियों या कर्मचारियों के नाम ही अनुशंसा के लिए भेजने का सुझाव दिया गया है, ताकि स्थानांतरण प्रक्रिया पारदर्शी, संतुलित और प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप रह सके।
बैठक के दौरान सरकार के कार्यों, संगठनात्मक गतिविधियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि तबादलों को लेकर अनावश्यक दबाव या व्यापक सिफारिशों से बचा जाए तथा केवल जनहित और प्रशासनिक आवश्यकता वाले मामलों को ही आगे बढ़ाया जाए।
राज्य के विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी लंबे समय से तबादला नीति लागू होने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री की ओर से मिले संकेतों के बाद सरकारी महकमों में तबादलों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि सरकार जल्द ही स्थानांतरण प्रक्रिया को लेकर औपचारिक दिशा-निर्देश जारी कर सकती है।
हालांकि सरकार की ओर से अभी तक तबादलों की तिथि या नीति को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन मुख्यमंत्री की बैठक के बाद यह स्पष्ट संकेत मिले हैं कि आने वाले दिनों में प्रशासनिक फेरबदल की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved