Post Views 51
November 2, 2025
श्री पुष्कर मेला 2025`विकास प्रदर्शनी का हुआ शुभारंभ
अजमेर, 2 नवंबर। अंतर्राष्ट्रीय श्री पुष्कर मेला 2025 के अंतर्गत रविवार को विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। जल संसाधन एवं आयोजना विभाग मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत , जिला कलक्टर श्री लोकबंधु , नगर परिषद के निवर्तमान सभापति श्री कमल पाठक द्वारा फीता काटकर प्रदर्शनियों का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुश्री ज्योति ककवानी भी उपस्थित रहे।विकास प्रदर्शनी में विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ उपलब्धियां को भी प्रदर्शित किया गया है।
जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने संपूर्ण विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन के साथ ही अवलोकन किया। पशुपालन विभाग की प्रदर्शनी में पशुपालकों की जानकारी के लिए पशुओं के होने वाले रोगों तथा उनके उपचार को जगह दी गई है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी में राज्य तथा जिले में हुए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। यह प्रदर्शनी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। राजीविका की महिलाओं के द्वारा उत्पादित सामग्री के बारे में अतिथियों को अवगत कराया गया। इनके द्वारा उत्पादित सामग्री उच्च गुणवत्ता युक्त एवं बाजार से कम दरों पर उपलब्ध है। इसी प्रकार भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण विभाग द्वारा विरासत भी विकास भी विषय पर मल्टीमीडिया प्रदर्शनी लगाई गई । इसमें आमजन के लिए केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों, डिजिटल इंडिया, कृषि, महिला व युवा सशक्तिकरण, आदिवासी विकास तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया । साथ ही आगंतुकों के लिए क्विज़, वीआर अनुभव, सेल्फी प्वाइंट एवं वीडियो वॉल के माध्यम से योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
कृषि विभाग के सयुक्त निदेशक श्री संजय तनेजा के दल ने किसानों को कृषि में नवीनतम तकनीक से अवगत कराने का सजीव प्रदर्शन किया गया। यहां तकनीक आधारित कृषि, कम पानी में अधिक उपज, कृषि यंत्र एवं आय बढ़ाने के तरीके बताए गए हैं। जिला परिषद की स्टॉल में जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण के मॉडल का प्रदर्शन किया गया है।
केंद्रीय कारागार के बंदियों द्वारा तैयार उत्पाद भी यहां प्रदर्शित है। इनकी गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं किया गया है। साथ ही यह बाजार के मुकाबले बहुत सस्ते भी हैं। अग्रणी जिला प्रबंधक की स्टाल में वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग योजनाओं, अटल पेंशन योजना, सुरक्षा बीमा योजना एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण की जानकारी दी जा रही है। पुलिस विभाग द्वारा साइबर सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी जा रही है। महिलाओं के साथ होने वाले अपराध रोकने के लिए एप का भी इंस्टॉलेशन करवाया जा रहा है।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved